औरंगाबाद में भीषण सड़क हादसा: खड़ी ट्रक से टकराई टूरिस्ट बस, 3 पर्यटकों की मौत, 22 से अधिक घायल

औरंगाबाद, बिहार। बोधगया से वाराणसी जा रही एक टूरिस्ट बस रविवार देर रात करीब 12:30 बजे औरंगाबाद जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित भवानी लाइन होटल के पास खड़ी ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि बस के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में आंध्र प्रदेश के नेल्लौर जिले के तीन पर्यटकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 22 से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों में लगभग 15 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल औरंगाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया रेफर कर दिया गया। मुफस्सिल थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि मृतकों की पहचान आंध्र प्रदेश के नेल्लौर जिले के निवासी के रूप में हुई है। मृतकों में सोमा पदमा (42 वर्ष), पशुपुलेटी वेंकटेश (64 वर्ष) तथा चावादम हजरत थेटा (61 वर्ष) शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि चालक को खड़ी ट्रक का अंदाजा नहीं लग सका, जिसके कारण बस सीधे पीछे से ट्रक में जा घुसी। पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। प्रशासन घायलों के उपचार और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में जुटा हुआ है। सड़क दुर्घटनाओं और ताजा खबरों के लिए पढ़ते रहिए — मिथिला हिन्दी न्यूज।
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.