दिल्ली में गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड: 51.3°C महसूस हुआ तापमान, उमस से बेहाल लोग; जल्द बारिश के आसार

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में शनिवार को भीषण गर्मी और उमस ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया। इस सीजन में पहली बार महसूस होने वाला तापमान (हीट इंडेक्स) 51.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस वर्ष का सबसे अधिक स्तर है। दोपहर 2:30 बजे हवा में नमी 45 प्रतिशत रहने के कारण लोगों को वास्तविक तापमान से कहीं अधिक गर्मी का एहसास हुआ। वहीं अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से काफी अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार शनिवार को वेट-बल्ब तापमान भी 29.77 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिसे स्वास्थ्य के लिहाज से चिंताजनक माना जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि हवा में अधिक नमी के कारण शरीर का तापमान नियंत्रित करना मुश्किल हो जाता है, जिससे हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है। फिलहाल अरब सागर से आने वाली नम हवाओं के कारण उमस बनी हुई है, जबकि मानसून अभी दिल्ली से दूर है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले दो दिनों तक दिल्ली में गर्मी और उमस से राहत मिलने की संभावना कम है। हालांकि इसके बाद मौसम में बदलाव हो सकता है। मंगलवार और बुधवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि 2 या 3 जुलाई से बारिश की शुरुआत हो सकती है, जबकि 4 जुलाई के बाद मानसून दिल्ली में दस्तक दे सकता है, जिससे तापमान में गिरावट आने और लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। देश, मौसम और बिहार की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए — मिथिला हिन्दी न्यूज।
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.