👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
बांका में बिना वीजा रह रहे बांग्लादेशी दंपति समेत चार गिरफ्तार, सीमा पार कराने वाले दलालों की तलाश तेज
0
June 27, 2026
बिहार के बांका जिले में स्थित प्रसिद्ध जमदाहा ठाकुरबाड़ी से पुलिस ने एक बांग्लादेशी दंपति और उनके दो नाबालिग बच्चों को बिना वैध वीजा और दस्तावेज के भारत में रहने के आरोप में गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि दंपति करीब ढाई महीने पहले 20 हजार रुपये देकर एक दलाल की मदद से अवैध रूप से भारत-बांग्लादेश सीमा पार कर भारत पहुंचे थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और सीमा पार कराने वाले दलालों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, कटोरिया प्रखंड के जमदाहा ओपी क्षेत्र स्थित श्रीश्री 108 पतित पावन राधा-कृष्ण मंदिर में एक दंपति अपने दो बच्चों के साथ सेवा-पूजा करने पहुंचा था। बातचीत के दौरान मंदिर के संचालक विजय राय को जब पता चला कि परिवार बांग्लादेश का रहने वाला है, तो उन्होंने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ की, लेकिन दंपति भारत में प्रवेश और रहने से संबंधित कोई वैध पासपोर्ट, वीजा या अन्य दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान बांग्लादेश के बरिशाल जिले के निवासी मिल्टन हल्दर और उनकी पत्नी झुमारानी दास के रूप में हुई। दोनों ने बताया कि उन्होंने एक दलाल को 20 हजार रुपये देकर अवैध रूप से भारत में प्रवेश किया था। सीमा पार करने के बाद वे पहले पश्चिम बंगाल पहुंचे, लेकिन पहचान उजागर होने के डर से वहां अधिक समय नहीं रुके। इसके बाद वे उत्तर प्रदेश के वृंदावन गए, जहां कुछ समय तक पूजा-अर्चना और सेवा कार्य करने के बाद बांका के जमदाहा ठाकुरबाड़ी पहुंचे थे।
तलाशी के दौरान पुलिस को उनके कमरे से कपड़ों के अलावा एक बिना सिम कार्ड वाला मोबाइल फोन मिला। महिला के पास बांग्लादेश के राष्ट्रीय पहचान पत्र की फोटोकॉपी बरामद हुई, जबकि पुरुष ने अपने मोबाइल फोन में बांग्लादेशी पासपोर्ट की तस्वीर दिखाई। दंपति के साथ मौजूद दोनों नाबालिग बच्चों को भी विधिक प्रक्रिया के तहत न्यायालय में पेश किया गया, जहां अदालत के निर्देश पर उन्हें बाल सुधार गृह भेज दिया गया।
जमदाहा ओपी पुलिस ने दंपति के खिलाफ अवैध रूप से भारत में प्रवेश और निवास करने के आरोप में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सीमा पार कराने वाले दलाल कौन थे और इस पूरे अवैध नेटवर्क में किन-किन लोगों की भूमिका रही।
बिहार की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए — मिथिला हिन्दी न्यूज।
