👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
शराब कारोबारी की गिरफ्तारी करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला, महिला सिपाही समेत 8 जवान घायल
0
June 08, 2026
मुजफ्फरपुर: जिले के पारू थाना क्षेत्र के दामोदरपुर गांव में देर रात शराब कारोबारी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर असामाजिक तत्वों और ग्रामीणों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने पुलिस टीम को घेरकर उन पर जमकर ईंट-पत्थर बरसाए, जिससे एक महिला सिपाही सहित कुल आठ पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना में पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पारू थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि दामोदरपुर गांव में एक शराब कारोबारी बड़ी मात्रा में अवैध शराब के साथ मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम देर रात करीब 2 बजे छापेमारी के लिए गांव पहुंची। इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए टीम पर हमला बोल दिया।
ईंट-पत्थरबाजी में घायल हुए आठ पुलिसकर्मी
अचानक हुए हमले में पुलिसकर्मियों को गंभीर चोटें आईं। सभी घायलों को तत्काल स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चार पुलिसकर्मियों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच रेफर कर दिया।
एसकेएमसीएच रेफर किए गए पुलिसकर्मी
सन्नी कुमार (31 वर्ष)
पुलकित कुमार (30 वर्ष)
रामभरोस यादव (50 वर्ष)
महिला सिपाही पुष्पा कुमारी (26 वर्ष)
प्राथमिक उपचार के बाद थाने लौटे पुलिसकर्मी
मो. मुमताज
अजय कुमार (50 वर्ष)
पंकज कुमार (24 वर्ष)
विवेक कुमार
पुलिस वाहन भी हुआ क्षतिग्रस्त
उपद्रवियों के हमले में पुलिस की गाड़ी को भी भारी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस प्रशासन ने अतिरिक्त बल की तैनाती कर स्थिति पर नजर रखी है।
उपद्रवियों की गिरफ्तारी के लिए चल रहा कॉम्बिंग ऑपरेशन
घटना के बाद पारू थाना पुलिस और जिला पुलिस बल ने दामोदरपुर गांव में व्यापक कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस पर जानलेवा हमला करने तथा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस द्वारा चिन्हित आरोपियों के खिलाफ नामजद एवं अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
अपराध, बिहार और ताजा खबरों के लिए पढ़ते रहिए — मिथिला हिन्दी न्यूज
