सीतामढ़ी में काल बनकर गिरा पीपल का पेड़, मां समेत चार मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत

सीतामढ़ी: बिहार के सीतामढ़ी जिले में सोमवार की रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। रीगा थाना क्षेत्र के रेवासी पंचायत स्थित धनुषी टोला में तेज आंधी के दौरान एक विशाल पीपल का पेड़ झोपड़ी पर गिर गया, जिससे एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 28 वर्षीय पूजा देवी और उनके चार बच्चे शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, पूजा देवी अपने चार बच्चों के साथ झोपड़ी में सो रही थीं। देर रात तेज आंधी चलने लगी, तभी झोपड़ी के बगल में खड़ा पुराना पीपल का पेड़ अचानक उखड़कर झोपड़ी पर गिर पड़ा। हादसा इतना भीषण था कि पूजा देवी, उनके पुत्र राजकुमार (7 वर्ष), पुत्री शिवानी (5 वर्ष) और एक माह के मासूम लाइगर कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो वर्षीय वीरभद्र कुमार को गंभीर हालत में सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही रीगा थानाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी, बीडीओ संजय पाठक और सदर डीएसपी राजीव कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीण इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध हैं। गांव में हर तरफ शोक और सन्नाटा छाया हुआ है। सीतामढ़ी की ताजा खबरों के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज।
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.