👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
भोजपुर में आवारा कुत्ते का आतंक: एक ही दिन में 9 लोगों को काटा, इलाके में दहशत का माहौल
0
June 27, 2026
भोजपुर: बिहार के भोजपुर जिले के कोइलवर नगर पंचायत के वार्ड संख्या-9 में शनिवार को एक आवारा कुत्ते ने अचानक लोगों पर हमला कर दिया। उग्र हुए कुत्ते ने दिनभर अलग-अलग स्थानों पर 9 लोगों को काटकर घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों से बाहर निकलने से भी डरने लगे।
स्थानीय निवासी अतुल कुमार के अनुसार, शनिवार सुबह आवारा कुत्ता अचानक आक्रामक हो गया और राह चलते लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया। देर शाम तक उसका आतंक जारी रहा। हमले में रितिक राज (8 वर्ष), सुजीत कुमार (14 वर्ष), अंजू देवी (32 वर्ष), रोहिणी (3 वर्ष), सुनैना देवी (51 वर्ष), मो. सुहैल (17 वर्ष) और कृष्णा कुमार (10 वर्ष) सहित कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा धनडीहा निवासी अनिकेत कुमार पांडेय (16 वर्ष) और आरा के जवाहर टोला निवासी भरत राम (31 वर्ष) भी कुत्ते के हमले का शिकार हुए।
घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कोइलवर ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को एंटी रैबीज वैक्सीन लगाई और समय पर सभी डोज लेने की सलाह दी।
घटना के बाद वार्ड संख्या-9 और आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आवारा कुत्ता अब भी इलाके में घूम रहा है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत प्रशासन से आवारा कुत्ते को जल्द पकड़ने और आवारा पशुओं पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द कदम नहीं उठाए गए तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
इस मामले पर कोइलवर नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी शहाब याहिया ने कहा कि फिलहाल नगर में कुत्ता पकड़ने की कोई व्यवस्था नहीं है। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर कुत्तों को पकड़ने के लिए टेंडर किया गया है, लेकिन वह अभी कार्यशील नहीं हुआ है।
नगर प्रशासन के इस बयान के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि प्रशासन को जल्द से जल्द ठोस कदम उठाने चाहिए ताकि इलाके के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
बिहार की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज।
