भोजपुर में भरत भूषण तिवारी की मौत के बाद बवाल, शव रखकर फोरलेन जाम; पुलिस के लाठीचार्ज से बढ़ा तनाव

भोजपुर: शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव निवासी भरत भूषण तिवारी की पटना में इलाज के दौरान मौत के बाद गुरुवार को भोजपुर में भारी हंगामा देखने को मिला। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरा-बक्सर फोरलेन पर बिलौटी गांव के पास शव रखकर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर फर्जी एनकाउंटर का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की। सुबह शुरू हुआ प्रदर्शन करीब चार घंटे तक चलता रहा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सड़क जाम होने से आरा-बक्सर फोरलेन पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति को सामान्य करने के लिए पुलिस अधिकारियों ने कई बार प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। धीरे-धीरे माहौल तनावपूर्ण हो गया और पुलिस तथा प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक शुरू हो गई। जब प्रदर्शनकारी सड़क खाली करने को तैयार नहीं हुए, तब पुलिस ने यातायात बहाल कराने के लिए लाठीचार्ज किया। लाठीचार्ज होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को दौड़ाकर सड़क से हटाया। इस दौरान कई लोगों के घायल होने की भी सूचना है, हालांकि प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि भरत भूषण तिवारी की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि बार-बार समझाने के बावजूद जाम समाप्त नहीं किया जा रहा था, जिसके कारण कानून-व्यवस्था बनाए रखने और यातायात बहाल करने के लिए कार्रवाई करनी पड़ी। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। बिहार की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज।
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.