अररिया। बिहार के अररिया जिले के आरएस थाना क्षेत्र स्थित प्रेमनगर वार्ड संख्या-16 में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका की सास और उसके दामाद को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका के पिता मुदशिर ने मंगलवार सुबह आरएस थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि अवैध संबंध को लेकर उनकी बेटी की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अंकुर कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने प्रारंभिक कार्रवाई के दौरान आरोपी सास शाइस्ता परवीन और दामाद अबू नसर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण नमूने एकत्र किए हैं, जिनकी जांच के बाद मामले के संबंध में और तथ्य सामने आ सकते हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों के बीच इस घटना को लेकर काफी चर्चा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के कारणों और घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।
अपराध और बिहार की ताजा खबरों के लिए पढ़ते रहिए — मिथिला हिन्दी न्यूज।