मंगेतर से मिलने पहुंचा युवक, पुलिस थाने से सीधे काली मंदिर में हुई शादी

मुंगेर: बिहार के मुंगेर जिले के असरगंज थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग का एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां देर रात अपनी मंगेतर से मिलने पहुंचे युवक की प्रेम कहानी का सुखद अंत शादी के रूप में हुआ। खास बात यह रही कि यह विवाह थाना परिसर के सामने स्थित काली मंदिर में संपन्न कराया गया, जिसकी चर्चा पूरे इलाके में हो रही है। जानकारी के अनुसार, दुल्हर गांव निवासी जयप्रकाश यादव की पुत्री पूजा कुमारी की शादी बांका जिले के भड़को गांव निवासी लालमणि यादव के पुत्र के साथ पहले से तय थी। दोनों परिवार विवाह की तैयारियों में जुटे हुए थे। इसी बीच युवक देर रात अपनी होने वाली दुल्हन से मिलने उसके गांव पहुंच गया। गश्ती पुलिस की नजर जब दोनों पर पड़ी तो पूछताछ के लिए उन्हें असरगंज थाना ले जाया गया। घटना की सूचना मिलते ही दोनों पक्षों के परिजन, ग्रामीण और स्थानीय जनप्रतिनिधि थाना पहुंच गए। काफी देर तक चली बातचीत के बाद दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से तत्काल विवाह कराने का निर्णय लिया। इसके बाद थाना परिसर के सामने स्थित काली मंदिर में विधि-विधान के साथ दोनों की शादी कराई गई। शादी समारोह में दोनों परिवारों के सदस्य, पुलिसकर्मी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी वैवाहिक रस्में पूरी होने के बाद युवक अपनी नवविवाहिता पत्नी को लेकर घर रवाना हो गया। यह अनोखी शादी अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग इसे प्रेम, सामाजिक सहमति और पारिवारिक समझदारी का बेहतरीन उदाहरण बता रहे हैं। वहीं पुलिस की सकारात्मक पहल की भी सराहना की जा रही है, जिसने मामले को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाते हुए दो परिवारों को खुशियों के बंधन में जोड़ दिया। सामाजिक और बिहार की खबरों के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज।
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.