मुंबई में करंट लगने से बिहार के युवक की मौत, शव गांव पहुंचते ही मचा कोहराम

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। सरैया थाना क्षेत्र के गोरिगामाडीह पंचायत स्थित सुपना गांव निवासी 30 वर्षीय विजय कुमार की मुंबई में करंट लगने से मौत हो गई। बुधवार शाम जब उनका शव पैतृक गांव पहुंचा तो पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और घर में मातम पसरा हुआ है। मृतक की पहचान सुपना गांव निवासी सीताराम सहनी के पुत्र विजय कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह परिवार के भरण-पोषण के लिए मुंबई में रहकर एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। रोजगार की तलाश में वर्षों पहले वह मुंबई गए थे और वहीं नौकरी कर रहे थे। परिजनों के अनुसार सोमवार को फैक्ट्री में काम करने के दौरान अचानक वह बिजली के करंट की चपेट में आ गए। करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। इसके बाद परिजन मुंबई पहुंचे और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया तथा पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को शव को गांव लाया गया। शव के गांव पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। पत्नी अपने पति के शव से लिपटकर बिलखती रही, जबकि अन्य परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल था। घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार मृतक के घर पहुंचे तथा शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। ग्रामीणों ने बताया कि विजय कुमार मेहनती और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। उनकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिवार के लोगों ने बताया कि विजय कुमार अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। उनकी मौत के बाद बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। बताया गया कि विजय कुमार तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजन सरकार से आर्थिक सहायता और परिवार के लिए सहयोग की मांग कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य है और विजय कुमार ही घर की मुख्य आय का स्रोत थे। ऐसे में उनकी मौत के बाद परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। मुजफ्फरपुर और बिहार की ताजा खबरों के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज।
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.