नालंदा में हाईटेंशन तार की चपेट में आई बस, दंपति की दर्दनाक मौत, पांच मजदूर झुलसे

बिहार के नालंदा जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। पावापुरी थाना क्षेत्र में हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से बस में सवार एक दंपति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों के बीच चीख-पुकार गूंज उठी। मृतकों की पहचान रूदल मांझी और उनकी पत्नी फूलो देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी मजदूर मजदूरी कर बस से पावापुरी की ओर से अपने गांव विशुनपुर लौट रहे थे। इसी दौरान बस की छत पर लदी साइकिल अचानक हाईटेंशन बिजली तार में फंस गई, जिससे पूरी बस में करंट फैल गया। करंट लगते ही बस में सवार यात्रियों के बीच भगदड़ मच गई। कई लोग अपनी जान बचाने के लिए बस से कूद पड़े। हादसे में रूदल मांझी और फूलो देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य मजदूर करंट की चपेट में आकर झुलस गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। अस्पताल में सभी घायलों का उपचार जारी है। चिकित्सकों की टीम उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। हादसे की सूचना मिलते ही पावापुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बस को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही हुई है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। गांव में शोक का माहौल है और लोग घटना से स्तब्ध हैं। स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और घायलों के बेहतर इलाज की मांग की है। नालंदा और बिहार की ताजा खबरों के लिए पढ़ते रहिए **मिथिला हिन्दी न्यूज**।
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.