बेगूसराय गैंगरेप कांड: पीड़िता के शरीर से गोली, कंकड़ और लकड़ी मिलने का दावा, पूरे बिहार में आक्रोश

बिहार के बेगूसराय जिले में सामने आई एक हैवानियत भरी घटना ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। चकिया थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में जांच के दौरान पीड़िता के गुप्तांग से गोली का टुकड़ा, कंकड़ और लकड़ी जैसी वस्तुएं मिलने के दावे ने सनसनी फैला दी है। घटना की भयावहता ने लोगों को राजधानी दिल्ली में हुए चर्चित निर्भया कांड की याद दिला दी है। जानकारी के अनुसार, 11 जून की रात महिला के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई थी। इसके बाद पुलिस ने पीड़िता को सदर अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन अगले ही दिन उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हालांकि लगातार बढ़ते दर्द और गंभीर शारीरिक परेशानी के बाद दोबारा कराई गई चिकित्सकीय जांच में गंभीर आंतरिक चोटों का पता चला, जिससे मामले ने नया मोड़ ले लिया। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि पांच लोगों ने उसे जबरन पकड़कर एक सुनसान स्थान पर ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और शरीर पर ब्लेड से हमला किया गया। महिला का कहना है कि बेहोशी की हालत में उसके साथ अमानवीय अत्याचार भी किया गया। इस मामले में अस्पताल की प्रारंभिक जांच प्रक्रिया और पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि यदि शुरुआत में ही गंभीरता से जांच की जाती तो पीड़िता को लंबे समय तक असहनीय दर्द नहीं झेलना पड़ता। पीड़िता ने यह भी दावा किया है कि कुछ महीने पहले भी उस पर हमला और दुष्कर्म का प्रयास किया गया था, लेकिन उस समय प्रभावी पुलिस कार्रवाई नहीं होने के कारण आरोपियों का मनोबल बढ़ गया। अब इस मामले को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और चिकित्सकीय रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पूरे मामले पर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है। अपराध की खबरों के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज।
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.