पटना: जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में रविवार को एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री Nitish Kumar के पुत्र Nishant Kumar मंच पर पहुंचे और अपने पिता का चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो और तस्वीरें अब राजनीतिक चर्चाओं का केंद्र बन गई हैं।
राष्ट्रीय परिषद की बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष Sanjay Jha मंच पर मौजूद थे। जैसे ही नीतीश कुमार कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, सभी नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसी दौरान निशांत कुमार भी उनके पीछे-पीछे मंच पर पहुंचे। मंच पर पहुंचते ही उन्होंने अपने पिता के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद नीतीश कुमार ने इशारे से उन्हें अपनी निर्धारित सीट पर बैठने के लिए कहा।
कार्यक्रम के दौरान संजय झा ने राष्ट्रीय परिषद की बैठक के लिए तैयार किया गया पहचान पत्र नीतीश कुमार के गले में पहनाया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पहले संजय झा की ओर देखा और फिर पहचान पत्र को ध्यान से देखा। इसके बाद उन्होंने मंच पर मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया। वहीं निशांत कुमार पूरे समय मुस्कुराते हुए नजर आए।
जेडीयू के भीतर इन दिनों निशांत कुमार की सक्रियता को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। राजनीतिक हलकों में कयास लगाए जा रहे हैं कि आने वाले समय में उन्हें संगठन या राजनीति में कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जा सकती है। हालांकि पार्टी की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
इस बीच बिहार सरकार के मंत्री Shravan Kumar ने कहा कि नीतीश कुमार पार्टी के सर्वोच्च और सम्मानित नेता हैं। उनका मार्गदर्शन और आशीर्वाद हमेशा जेडीयू के साथ रहेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पहले की तरह जनता और कार्यकर्ताओं से जुड़े रहेंगे तथा हर सुख-दुख में पार्टी का नेतृत्व करते रहेंगे।
राष्ट्रीय परिषद की बैठक में सामने आई यह तस्वीर ऐसे समय में चर्चा का विषय बनी है, जब बिहार की राजनीति में आगामी विधानसभा चुनावों और जेडीयू के भविष्य को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। ऐसे में निशांत कुमार की बढ़ती सार्वजनिक मौजूदगी को राजनीतिक विश्लेषक विशेष महत्व के साथ देख रहे हैं।
बिहार की राजनीति और जेडीयू से जुड़ी हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए — मिथिला हिन्दी न्यूज।
👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार