👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
राबड़ी देवी को फिर मिला सरकारी आवास खाली करने का नोटिस, एक हफ्ते का अंतिम समय
0
June 24, 2026
बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को एक बार फिर 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने का नोटिस जारी किया गया है। भवन निर्माण विभाग ने उन्हें एक सप्ताह के भीतर आवास खाली करने का निर्देश दिया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर आवास खाली नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, सरकार की ओर से पहले भी आवास खाली करने का नोटिस जारी किया गया था, जिसकी समय सीमा 15 जून को समाप्त हो चुकी है। इसके बाद राबड़ी देवी की ओर से कुछ अतिरिक्त समय की मांग की गई थी, लेकिन अब विभाग ने अंतिम नोटिस जारी कर दिया है।
इधर, 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास से सामान हटाने की प्रक्रिया भी तेज हो गई है। गुरुवार को एक पिकअप वाहन के जरिए फर्नीचर, एयर कंडीशनर (एसी) और अन्य घरेलू सामान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के 1 पोलो रोड स्थित आवास पर भेजा गया।
सूत्रों के मुताबिक, आवास खाली करने की तैयारी पिछले कुछ समय से चल रही है। इससे पहले भी कई सामान गोला रोड स्थित गौशाला और कौटिल्य नगर के निजी आवास में शिफ्ट किए जा चुके हैं। अब शेष सामान को भी धीरे-धीरे दूसरी जगहों पर भेजा जा रहा है।
हालांकि, राबड़ी देवी की ओर से नई जगह पर अतिरिक्त कमरों के निर्माण और शिफ्टिंग की प्रक्रिया पूरी करने के लिए कुछ और समय मांगा गया है। बावजूद इसके लगातार हो रही सामान की शिफ्टिंग से यह संकेत मिल रहा है कि सरकारी आवास खाली करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।
राजनीतिक गलियारों में इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाएं तेज हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में राबड़ी देवी 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास पूरी तरह खाली कर सकती हैं। अब सबकी नजर भवन निर्माण विभाग की अगली कार्रवाई और राबड़ी परिवार के अगले कदम पर टिकी हुई है।
**राजनीति की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज।**
