बिहार में मानसून हुआ सक्रिय: आज कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट, वज्रपात और तेज हवा की चेतावनी

पटना: बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है, जिसके प्रभाव से राजधानी पटना समेत पूरे प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार मंगलवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान मेघ गर्जन, वज्रपात, तेज हवाओं और बारिश की प्रबल संभावना है। मौसम विभाग ने गोपालगंज और पश्चिम चंपारण में अत्यधिक भारी बारिश को लेकर विशेष चेतावनी जारी की है। वहीं दरभंगा, पूर्वी चंपारण, मधुबनी, शिवहर, सीतामढ़ी और वैशाली जिलों में भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों में भी आंधी-पानी का दौर जारी रहने के आसार हैं। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। राजधानी पटना में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट और उमस से राहत मिलेगी। पिछले 24 घंटों के दौरान पटना समेत कई जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई। राजधानी का अधिकतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस गिरकर 35.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि शेखपुरा में 38.1 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सर्वाधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम में आए बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से काफी राहत मिली है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। मौसम की हर ताजा अपडेट के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज।
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.