भरत तिवारी एनकाउंटर मामला: सोशल मीडिया पर पुलिस को धमकी देने के आरोप में दीपक दीक्षित उर्फ पंडित पर होगी FIR

आरा, भोजपुर: भोजपुर के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में सोशल मीडिया पर पुलिस अधिकारियों को कथित रूप से गोली मारने की धमकी देने और भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने के आरोप में दीपक दीक्षित उर्फ पंडित के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। भोजपुर पुलिस ने इस मामले में आरा साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। भोजपुर के एसपी राज ने बताया कि आरोपी ने विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पुलिस अधिकारियों के खिलाफ आपत्तिजनक, भड़काऊ और धमकीपूर्ण भाषा का इस्तेमाल किया है। पुलिस के अनुसार, उसकी पोस्टों से न केवल पुलिस को खुली चुनौती दी गई, बल्कि लोगों को भड़काने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का भी प्रयास किया गया। एसपी ने कहा कि मामले में उपलब्ध डिजिटल और तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। सभी प्रमाणों के आधार पर दीपक दीक्षित उर्फ पंडित को नामजद आरोपी बनाते हुए आरा साइबर थाना में एफआईआर दर्ज की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर हिंसा फैलाने, पुलिस अधिकारियों को धमकी देने या समाज में वैमनस्य फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, 17 जून को भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में भरत तिवारी एनकाउंटर की घटना हुई थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर कई भ्रामक और भड़काऊ पोस्ट वायरल हुईं, जिनमें दीपक दीक्षित उर्फ पंडित द्वारा भी पुलिस के खिलाफ कथित रूप से धमकीपूर्ण टिप्पणियां की गईं। भोजपुर पुलिस का दावा है कि दीपक दीक्षित उर्फ पंडित उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के शिवगढ़ क्षेत्र का निवासी है और उसके खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने कहा कि कानून को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। अपराध, बिहार और देश की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज।
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.