नीतीश कुमार से मिले आरसीपी सिंह, 'हमारे नेता' वाले बयान से तेज हुई बिहार की सियासत

पटना: बिहार की राजनीति में शनिवार सुबह उस समय हलचल तेज हो गई, जब जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार से मिलने उनके 7 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास पहुंचे। मुलाकात के बाद आरसीपी सिंह ने मीडिया से कहा, "हम तो जेडीयू में हैं ही, मानकर चलिए न…", जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में अटकलों का दौर शुरू हो गया। आरसीपी सिंह के आवास पहुंचने पर बाहर मौजूद समर्थकों ने इसे ‘हनुमान’ की ‘राम’ से मुलाकात तक बताया। मुलाकात के बाद आरसीपी सिंह ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि, "आज बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री, जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद, हमारे नेता आदरणीय नीतीश बाबू से भेंट हुई। उनसे बातचीत हुई। मुलाकात बहुत आत्मीय रही।" हालांकि, मुलाकात के बाद सामने आई तस्वीरों और अंदर से मिली जानकारी ने इस दावे पर सवाल खड़े कर दिए। एक तस्वीर में आरसीपी सिंह अन्य कार्यकर्ताओं के साथ इंतजार करते नजर आए, जबकि दूसरी तस्वीर में वे खड़े दिखाई दे रहे हैं, लेकिन उसमें नीतीश कुमार उनकी ओर ध्यान देते नहीं दिख रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, आरसीपी सिंह करीब 20 मिनट तक मुख्यमंत्री आवास के भीतर रहे। इस दौरान उन्होंने हाथ जोड़कर नीतीश कुमार का अभिवादन किया, लेकिन नीतीश कुमार का रवैया काफी औपचारिक रहा। बताया जा रहा है कि उन्होंने आरसीपी सिंह को बैठने के लिए नहीं कहा और वे अपने दस्तावेज़ देखने तथा अन्य लोगों से बातचीत में व्यस्त रहे। जानकारी के मुताबिक, दोनों नेताओं के बीच केवल 'प्रणाम' का औपचारिक आदान-प्रदान हुआ। किसी भी राजनीतिक मुद्दे पर कोई चर्चा नहीं हुई। ऐसे में आरसीपी सिंह द्वारा मुलाकात को "बहुत आत्मीय" बताए जाने और अंदर की जानकारी के बीच बड़ा अंतर देखने को मिला। इस मुलाकात के बाद बिहार की राजनीति में एक बार फिर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। हालांकि, अभी तक जदयू या नीतीश कुमार की ओर से इस मुलाकात को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। बिहार की राजनीति और देश-दुनिया की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज।
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.