मुजफ्फरपुर में शादी समारोह में हर्ष फायरिंग, तीन लोगों को लगी गोली; दूसरे गांव में डीजे पर डांस को लेकर मारपीट

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग की घटना से खुशी का माहौल अफरातफरी में बदल गया। साहेबगंज थाना क्षेत्र के नगर परिषद इलाके के परसौनी जहांगीर वार्ड संख्या-21 में बारात लगने के दौरान कथित तौर पर एक व्यक्ति ने अवैध हथियार से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें तीन लोग गोली लगने से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, सोमवार रात केसरिया थाना क्षेत्र के जगीराहां गांव से मुकेश पाठक के घर बारात आई थी। दरवाजा लगने के दौरान डीजे पर भोजपुरी गाने बज रहे थे। इसी बीच कुछ लोगों ने खुशी में हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फायरिंग करने वाला व्यक्ति नशे में था और लगातार गोलियां चला रहा था। घायलों में परसौनी जहांगीर निवासी 35 वर्षीय टेंट संचालक अनिल पासवान भी शामिल हैं, जिनके बाएं घुटने में गोली लगी। उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया। अन्य दो घायलों में से एक का इलाज मोतिहारी में और दूसरे का मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। गोलीबारी के बाद शादी समारोह में भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलने पर साहेबगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने तीन लोगों के घायल होने की पुष्टि की है और फायरिंग करने वाले आरोपी की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कुछ लोगों ने घटनास्थल से कारतूस के खोखे हटाने की कोशिश की थी। अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। इधर, मुजफ्फरपुर के सकरा थाना क्षेत्र में भी शादी समारोह के दौरान डीजे पर डांस को लेकर बाराती और सराती पक्ष के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई, जिसमें करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। गुस्साए लोगों ने एक बोलेरो और तीन बाइक में भी तोड़फोड़ की। सूचना पर बरियारपुर पुलिस मौके पर पहुंची और तीन लोगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। बिहार की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज।
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.