👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
रिशु श्री मामले पर तेज हुई सियासत: मंत्री सुनील कुमार का तेजस्वी यादव पर पलटवार, बोले- दोषी कोई भी हो, जेल जाएगा
0
June 29, 2026
पटना: बिहार में चर्चित टेंडर माफिया रिशु श्री मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद अब बिहार सरकार के मंत्री सुनील कुमार ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में सरकार पूरी गंभीरता से कार्रवाई कर रही है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को किसी भी मुद्दे पर बयान देने से पहले सरकार की कार्रवाई और तथ्यों की जानकारी लेनी चाहिए। उन्होंने बताया कि इस मामले में वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा पहले ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर स्थिति स्पष्ट की जा चुकी है और आर्थिक अपराध इकाई (EOU) पूरे मामले की जांच कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा पूरी तरह स्पष्ट है। यदि जांच में किसी बड़े अधिकारी या प्रभावशाली व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होगी और उसे जेल भेजा जाएगा।
सोमवार को जेडीयू कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे मंत्री सुनील कुमार ने आम लोगों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने बताया कि ग्रामीण सड़क, बुनियादी ढांचे और अन्य विकास कार्यों से जुड़ी शिकायतों का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया गया।
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार की नीति भ्रष्टाचार के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' की रही है। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने इस मामले में सबसे पहले कार्रवाई शुरू की और भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ भी लगातार कठोर कदम उठाए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले तेजस्वी यादव ने रिशु श्री मामले को लेकर सरकार से 20 सवाल पूछे थे और आरोप लगाया था कि रिशु श्री को आगे कर बड़े अधिकारियों और प्रभावशाली लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है। अब इस मुद्दे पर सत्ता और विपक्ष के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप और तेज हो गए हैं।
बिहार की राजनीति और हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज।
