IRCTC की भारत गौरव ट्रेन से करें दक्षिण भारत के प्रमुख तीर्थों की यात्रा, 14 जुलाई से शुरू होगा 13 दिन का धार्मिक टूर

पटना: 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' और 'देखो अपना देश' अभियान के तहत आईआरसीटीसी श्रद्धालुओं के लिए दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की विशेष यात्रा लेकर आ रहा है। इसके तहत 14 जुलाई से भारत गौरव पर्यटक ट्रेन का संचालन किया जाएगा। यह विशेष ट्रेन झारखंड के दुमका से रवाना होगी और 12 रात एवं 13 दिनों की यात्रा में श्रद्धालुओं को दक्षिण भारत के प्रसिद्ध मंदिरों और तीर्थस्थलों के दर्शन कराएगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालु तिरुपति बालाजी मंदिर, रामनाथ स्वामी मंदिर (रामेश्वरम), रामेश्वरम ज्योतिर्लिंग, मीनाक्षी मंदिर, कन्याकुमारी, विवेकानंद रॉक मेमोरियल और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग सहित कई प्रमुख धार्मिक स्थलों का दर्शन करेंगे। ट्रेन दुमका से चलकर हंसडीहा, भागलपुर, सुलतानगंज, जमालपुर, किऊल, मोकामा, बख्तियारपुर, पटना, आरा, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन और प्रयागराज होते हुए दक्षिण भारत पहुंचेगी। इससे बिहार और झारखंड के श्रद्धालुओं को यात्रा में विशेष सुविधा मिलेगी। भारत गौरव पर्यटक ट्रेन की बुकिंग शुरू हो चुकी है। यात्री अपनी सुविधा के अनुसार इकोनॉमी (स्लीपर), स्टैंडर्ड (थ्री एसी) और कंफर्ट (टू एसी) श्रेणियों में टिकट बुक करा सकते हैं। इकोनॉमी क्लास का किराया 25,440 रुपये, स्टैंडर्ड क्लास का 45,550 रुपये और कंफर्ट क्लास का 55,500 रुपये निर्धारित किया गया है। इस टूर पैकेज में ट्रेन यात्रा के साथ शुद्ध शाकाहारी भोजन, होटल में ठहरने की व्यवस्था, बस से स्थानीय भ्रमण, गाइड सेवा और यात्रा बीमा भी शामिल है। समूह में यात्रा करने वाले यात्रियों को विशेष छूट का लाभ मिलेगा। इच्छुक यात्री अधिक जानकारी के लिए आईआरसीटीसी के टोल फ्री नंबर 8595904073 पर संपर्क कर सकते हैं। पढ़ते रहिए – मिथिला हिन्दी न्यूज
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.