👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
बिहार विधान परिषद चुनाव: RJD ने फिर जताया भरोसा, सुनील सिंह होंगे उम्मीदवार
0
June 07, 2026
पटना। बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने अपने उम्मीदवार के नाम पर चल रही तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया है। पार्टी ने एक बार फिर पूर्व विधान पार्षद सुनील सिंह पर भरोसा जताते हुए उन्हें अपना उम्मीदवार घोषित किया है। नामांकन के अंतिम दिन सोमवार को सुनील सिंह सुबह 11 बजे अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
पिछले कुछ दिनों से राजद उम्मीदवार को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं चल रही थीं। सूत्रों के अनुसार, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के सिंगापुर दौरे के बाद उनकी बेटी रोहिणी आचार्या का नाम भी संभावित उम्मीदवारों की सूची में चर्चा में था। हालांकि अंततः पार्टी नेतृत्व ने अनुभवी नेता सुनील सिंह को मैदान में उतारने का निर्णय लिया।
बिहार विधान परिषद की 10 सीटों, जिनमें एक उपचुनाव की सीट भी शामिल है, के लिए सोमवार को नामांकन की अंतिम तिथि है। सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के उम्मीदवार विधानसभा परिसर पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल करेंगे। वहीं एनडीए उम्मीदवार भी सुबह 10:30 बजे नामांकन के लिए पहुंचेंगे, जहां गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
भाजपा ने पवन सिंह को उतारकर बढ़ाई चुनावी दिलचस्पी
इस चुनाव को भाजपा ने भी काफी रोचक बना दिया है। पार्टी ने भोजपुरी फिल्म जगत के लोकप्रिय अभिनेता और गायक पवन सिंह को उम्मीदवार बनाकर राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है।
इसके अलावा भाजपा ने मौजूदा विधान पार्षद डॉ. संजय मयूख, अनिल कुमार ठाकुर और शीला पंडित पर भी दोबारा भरोसा जताया है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सुनील सिंह को उम्मीदवार बनाकर राजद ने अनुभव को प्राथमिकता दी है। साथ ही पार्टी ने परिवारवाद के मुद्दे पर विपक्ष को हमला करने का अवसर भी नहीं दिया है। अब सभी की निगाहें नामांकन प्रक्रिया और आगामी चुनावी समीकरणों पर टिकी हैं।
बिहार की राजनीति और विधान परिषद चुनाव से जुड़ी हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज।
