बिहार में 11 लाख नए राशन कार्ड बनेंगे, 13 अगस्त तक पूरा होगा अभियान

बिहार में जन वितरण प्रणाली (PDS) को मजबूत बनाने और पात्र परिवारों तक राशन की सुविधा पहुंचाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में सोमवार को हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में निर्णय लिया गया कि राज्य में खाली पड़े 46,93,806 स्लॉट को भरने के लिए 11,04,425 नए राशन कार्ड जारी किए जाएंगे। सरकार ने इस विशेष अभियान को 13 अगस्त तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। तय समय सीमा में काम पूरा करने के लिए अधिकारियों को प्रतिदिन 36,814 से अधिक नए राशन कार्ड जारी करने का लक्ष्य दिया गया है। मुख्य सचिव ने सभी जिलों के जिलाधिकारियों (DM) और आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को समयसीमा का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया है। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के अनुसार, पटना जिले में सबसे अधिक 1,18,649 नए राशन कार्ड बनाए जाएंगे, जिसके लिए प्रतिदिन 3,955 कार्ड जारी करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद वैशाली में 1,03,704 और मुजफ्फरपुर में 86,175 नए राशन कार्ड बनाए जाएंगे। इन जिलों में कार्य की गति तेज रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं अरवल जिले में सबसे कम 2,180 नए राशन कार्ड जारी किए जाएंगे, जहां प्रतिदिन 73 कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अलावा बक्सर और जहानाबाद जैसे कम लक्ष्य वाले जिलों को जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी कर अभियान समाप्त करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि अभियान की निगरानी जिला स्तर पर स्वयं डीएम करेंगे। राशन कार्ड सत्यापन और शिकायत निवारण की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र और जरूरतमंद परिवार अपने हक के राशन कार्ड से वंचित न रहे।
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.