👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
दरभंगा में शटडाउन के बावजूद 11 हजार वोल्ट लाइन में दौड़ा करंट, मरम्मत कर रहे मानव बल कर्मी की मौत; बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप
0
July 15, 2026
दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। मब्बी थाना क्षेत्र के शहबाजपुर करहटिया वार्ड संख्या-6 निवासी 38 वर्षीय मानव बल कर्मी मो. नबी हसन की 11 हजार वोल्ट लाइन की मरम्मत के दौरान करंट लगने से मौत हो गई। बताया गया कि शटडाउन लेने के बाद वह ट्रांसफार्मर पर चढ़कर काम कर रहे थे, लेकिन अचानक बिजली आपूर्ति बहाल हो गई, जिससे वह करंट की चपेट में आ गए और ट्रांसफार्मर से चिपक गए। काफी मशक्कत के बाद हाइड्रोलिक मशीन की मदद से उनका शव नीचे उतारा गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजकर जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए संबंधित जेई और लाइनमैन पर कार्रवाई, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा तथा एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है। वहीं स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा। पुलिस यह जांच कर रही है कि शटडाउन के बावजूद बिजली आपूर्ति किस स्तर पर और किसकी लापरवाही से बहाल हुई।
– मिथिला हिंदी न्यूज़
रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
