बांकीपुर उपचुनाव से पहले जन सुराज को बड़ा झटका, कई पूर्व प्रत्याशी और नेता बीजेपी में शामिल

पटना: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले बिहार की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज को बड़ा झटका देते हुए कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सदस्यता ग्रहण कर ली। पटना स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में पार्टी नेताओं ने नए सदस्यों का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान दीघा विधायक संजीव चौरसिया समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बीजेपी में शामिल होने वालों में दीघा से जन सुराज के पूर्व प्रत्याशी बिट्टू सिंह और उनकी पत्नी विनीता बिट्टू सिंह, कुम्हरार से पूर्व प्रत्याशी केसी सिन्हा तथा मनेर से पूर्व प्रत्याशी गोपाल सिंह प्रमुख रहे। इनके साथ बड़ी संख्या में समर्थकों ने भी बीजेपी का दामन थामा। सदस्यता लेने के बाद बिट्टू सिंह और गोपाल सिंह ने इसे अपनी "घर वापसी" बताते हुए कहा कि अब उनका राजनीतिक भविष्य बीजेपी के साथ ही रहेगा, जबकि केसी सिन्हा ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रहित में यह फैसला लिया है। बांकीपुर उपचुनाव से ठीक पहले जन सुराज के कई प्रमुख नेताओं के बीजेपी में शामिल होने से बिहार की सियासत में हलचल तेज हो गई है और इसे उपचुनाव से पहले बीजेपी के लिए बड़ी राजनीतिक बढ़त माना जा रहा है। – मिथिला हिंदी न्यूज़ रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.