1 सितंबर से चलेगी स्पेशल ट्रेन, सीतामढ़ी-दरभंगा समेत कई स्टेशनों से मिलेगी बोर्डिंग

पटना: इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 1 सितंबर से विशेष "ज्योतिर्लिंग दर्शन, साईं दर्शन एवं एलोरा गुफा यात्रा" स्पेशल टूरिस्ट ट्रेन का संचालन शुरू करने जा रहा है। यह विशेष ट्रेन 8 रात और 9 दिन की धार्मिक यात्रा कराएगी। आईआरसीटीसी के एजीएम (पूर्वी) योगेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि इस विशेष टूर पैकेज के तहत श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। यात्रा के दौरान श्रद्धालु उज्जैन, नासिक, छत्रपति संभाजी नगर और विश्व प्रसिद्ध एलोरा गुफाओं का भ्रमण करेंगे। आईआरसीटीसी के वरीय पर्यवेक्षक संजीव कुमार ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर बोर्डिंग और डी-बोर्डिंग की व्यवस्था की गई है। यात्री रक्सौल, सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, दिलदारनगर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन और प्रयागराज छिवकी स्टेशन से इस विशेष ट्रेन में सवार हो सकेंगे। प्रेस वार्ता के दौरान आईआरसीटीसी के एरिया मैनेजर प्रमोद कुमार भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य श्रद्धालुओं को कम बजट में सुरक्षित, सुविधाजनक और व्यवस्थित धार्मिक यात्रा उपलब्ध कराना है। आईआरसीटीसी की यह विशेष टूरिस्ट ट्रेन उन श्रद्धालुओं के लिए सुनहरा अवसर होगी, जो एक ही यात्रा में ज्योतिर्लिंगों, साईं बाबा के दर्शन और ऐतिहासिक एलोरा गुफाओं का भ्रमण करना चाहते हैं। मिथिला हिंदी न्यूज़ रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.