👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
सड़क हादसे में होमगार्ड जवान सुमित कुमार यादव की मौत, परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था मृतक
0
July 28, 2026
दरभंगा: सड़क दुर्घटना में घायल हुए होमगार्ड जवान सुमित कुमार यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के मोरकाही गांव निवासी थे और सिमरी थाना क्षेत्र स्थित वृहद आश्रयगृह में पदस्थापित थे।
जानकारी के अनुसार, सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद सुमित कुमार यादव को इलाज के लिए डीएमसीएच (दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल) लाया गया था। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक के चाचा मनीष कुमार ने बताया कि दुर्घटना की सूचना उन्हें फोन के माध्यम से मिली थी। सूचना मिलते ही वे तुरंत डीएमसीएच पहुंचे, जहां सुमित की हालत बेहद गंभीर थी। डॉक्टरों के प्रयास के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
बताया जा रहा है कि सुमित कुमार यादव अविवाहित थे। परिवार में उनकी मां, 18 वर्षीय छोटा भाई और 15 वर्षीय बहन हैं। उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका था। परिजनों के अनुसार, सुमित ही परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। जवान बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
होमगार्ड जवान के निधन की खबर मिलते ही विभागीय कर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई। अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने मृतक जवान को सम्मानपूर्वक सलामी दी। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इधर, पुलिस ने सड़क दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।
मिथिला हिंदी न्यूज़
रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
