👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
पटना में युवक के कथित अपहरण पर बवाल, प्रशांत किशोर ने दिया 2 दिन का अल्टीमेटम
0
July 08, 2026
पटना: राजधानी पटना में बंटी कुमार के कथित अपहरण मामले को लेकर बुधवार को न्यू करबिगहिया इलाके में परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने बीच सड़क पर आगजनी कर प्रदर्शन किया और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए बंटी कुमार की सकुशल बरामदगी की मांग की। विरोध प्रदर्शन के कारण इलाके में घंटों यातायात बाधित रहा।
इस दौरान जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर मौके पर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने मीडिया से कहा कि प्रशासन मामले की जांच कर रहा है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि दो दिनों के भीतर बंटी कुमार की बरामदगी नहीं होती है तो वह स्वयं परिवार के साथ सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे।
परिजनों के मुताबिक, जक्कनपुर थाना क्षेत्र के न्यू करबिगहिया निवासी बंटी कुमार सोमवार देर रात पटना जंक्शन के पास दही खरीदने गए थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने उनके साथ मारपीट की और कथित तौर पर उन्हें जबरन काले रंग की स्कॉर्पियो में बैठाकर ले गए। पुलिस ने कई इलाकों में छापेमारी की है, लेकिन अब तक बंटी कुमार का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास जारी है।
— मिथिला हिन्दी न्यूज
संपादक: रोहित कुमार सोनू
