👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
बिहार को मिलेगा नया नेशनल हाईवे, सुपौल-दरभंगा के बीच बनेगी सड़क; कई जिलों की बदलेगी तस्वीर
0
July 08, 2026
पटना: बिहार में सड़क संपर्क को और मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। केंद्र सरकार ने सुपौल और दरभंगा के बीच नए नेशनल हाईवे के निर्माण की प्रक्रिया को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना के तहत भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने का निर्देश दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, बिहार के उपमुख्यमंत्री विजेंद्र यादव ने इस सड़क परियोजना के लिए नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मांग की थी। इसके बाद केंद्रीय मंत्रालय ने NHAI को डीपीआर तैयार करने के निर्देश जारी किए।
प्रस्तावित नेशनल हाईवे सुपौल जिले के बेरिया मंच से दरभंगा तक बनाया जाएगा। इसके बनने से मधुबनी, सुपौल, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी समेत आसपास के जिलों के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। इससे यात्रा का समय कम होगा, व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।
बताया जा रहा है कि 29 जून को नई दिल्ली में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के बीच हुई बैठक में बिहार की कई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं पर चर्चा हुई थी। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि राज्य की अन्य सड़क परियोजनाओं को भी जल्द मंजूरी मिल सकती है।
— मिथिला हिन्दी न्यूज
संपादक: रोहित कुमार सोनू
