👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
बिहार की सीमा सुरक्षा पर आज बड़ी बैठक, अमित शाह करेंगे सीमावर्ती जिलों के डीएम-एसपी के साथ समीक्षा
0
July 08, 2026
पटना: बिहार के सीमावर्ती जिलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) ने बुधवार को अहम बैठक बुलाई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में होने वाली इस उच्चस्तरीय बैठक में बिहार समेत सीमावर्ती राज्यों की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की जाएगी।
बैठक बुधवार शाम 6 बजे केंद्रीय गृह मंत्रालय में आयोजित होगी। इसमें बिहार के डीजीपी, मुख्य सचिव, गृह सचिव के अलावा राज्य के सभी सीमावर्ती जिलों के डीएम और एसपी शामिल होंगे। जिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से बैठक से जुड़ेंगे।
जानकारी के अनुसार, अररिया, कटिहार, पूर्णिया, किशनगंज, पश्चिम चंपारण (बेतिया) और पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) समेत बिहार के सभी सीमावर्ती जिलों की सुरक्षा स्थिति पर विस्तार से चर्चा होगी। बैठक का मुख्य फोकस सीमा सुरक्षा, घुसपैठ, मादक पदार्थों की तस्करी, मानव तस्करी और अन्य अंतरराज्यीय एवं अंतरराष्ट्रीय अपराधों पर रहेगा।
हाल के दिनों में सीमावर्ती इलाकों में तस्करी, अवैध घुसपैठ और संगठित अपराध की घटनाओं को देखते हुए केंद्र सरकार लगातार सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रही है। माना जा रहा है कि इस बैठक में राज्यों को निगरानी तंत्र मजबूत करने, पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा सीमा सुरक्षा को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा सकते हैं।
नेपाल से लगने वाली खुली सीमा के कारण बिहार के सीमावर्ती जिले लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के लिए संवेदनशील रहे हैं। ऐसे में इस बैठक को राज्य की सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक के बाद सीमा सुरक्षा को लेकर नए निर्देश जारी होने की भी संभावना है।
— मिथिला हिन्दी न्यूज
संपादक: रोहित कुमार सोनू
