👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
पटना के पार्कों में लगेंगी 200 प्री-फैब्रिकेटेड दुकानें, सुधा बूथ समेत कई व्यावसायिक गतिविधियां होंगी शुरू
0
July 08, 2026
पटना: राजधानी के पार्कों में जल्द ही 200 प्री-फैब्रिकेटेड दुकानें स्थापित की जाएंगी। इन दुकानों का संचालन जीविका (बिहार ग्रामीण जीविकोपार्जन प्रोत्साहन समिति) और पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड (PSCL) के संयुक्त सहयोग से किया जाएगा। इन दुकानों में सुधा बूथ के अलावा अन्य व्यावसायिक गतिविधियां भी शुरू की जाएंगी।
पहले जेपी गंगा पथ पर लगभग 15.45 करोड़ रुपये की लागत से 500 दुकानों वाला वेंडिंग जोन विकसित करने की योजना बनाई गई थी। इसी परियोजना के तहत 200 प्री-फैब्रिकेटेड दुकानें तैयार भी कर ली गई थीं। लेकिन इन दुकानों का डिजाइन गंगा नदी के दृश्य को बाधित कर रहा था, जिसके कारण योजना में बदलाव करते हुए इन्हें वहां से हटाने का निर्णय लिया गया। फिलहाल ये दुकानें गर्दनीबाग हाई स्कूल के पास सुरक्षित रखी गई हैं।
वहीं, दीघा गोलंबर के पास करीब 1.93 एकड़ भूमि पर विकसित किए जा रहे अत्याधुनिक वेंडिंग जोन की योजना में भी संशोधन किया गया है। पहले यहां 250 दुकानें बनाने का प्रस्ताव था, लेकिन अब केवल 50 बड़े और आधुनिक मॉड्यूलर आउटलेट तैयार किए जा रहे हैं। इस परियोजना पर 7.17 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं और हाल ही में मुख्यमंत्री ने इसका शिलान्यास किया है।
इन आधुनिक दुकानों में बड़े ब्रांडों के साथ-साथ स्थानीय वेंडरों को भी व्यवसाय का अवसर मिलेगा। साथ ही जेपी सेतु के नीचे गंगा किनारे दुकान लगाने वाले वेंडरों का भी यहां पुनर्वास किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य इस क्षेत्र को पर्यटन और नाइट लाइफ के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है।
नगर निगम की योजना के दूसरे चरण में वेंडिंग जोन में फुट ओवरब्रिज, पार्किंग, आधुनिक शौचालय, शुद्ध पेयजल, पार्क और एंटरटेनमेंट जोन जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। वेंडिंग जोन के लिए भूमि समतलीकरण, पक्कीकरण, पेवर ब्लॉक बिछाने और ड्रेनेज निर्माण का कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है।
— मिथिला हिंदी न्यूज़
