मधेपुरा में 18 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने पति पर हत्या का लगाया आरोप

मधेपुरा: बिहार के मधेपुरा जिले के चौसा थाना क्षेत्र के फुलौत गांव में 18 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने पति पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है। वहीं, पति का दावा है कि उसकी पत्नी ने दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान फुलौत वार्ड-9 निवासी शिल्पी कुमारी (18) के रूप में हुई है, जिनकी शादी करीब दो वर्ष पहले गुरुचरण कुमार से हुई थी। दंपती की कोई संतान नहीं थी। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। मृतका की फुआ ने आरोप लगाया कि गुरुचरण कुमार का किसी दूसरी युवती से कथित संबंध था, जिसका शिल्पी विरोध करती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। परिजनों का आरोप है कि मंगलवार रात पति ने शिल्पी की हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को दुपट्टे से फंदे पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। इसके बाद उसने स्वयं पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही चौसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, फोन पर बताया गया था कि महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है और फंदे से लटके होने की तस्वीर भी दिखाई गई थी। हालांकि, जब पुलिस मौके पर पहुंची तो शव फंदे से उतारकर बिस्तर पर रखा हुआ मिला। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया। चौसा थाना के एसआई विनोद कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मृतका के पति ने ही दी थी। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर सभी पहलुओं की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। — मिथिला हिन्दी न्यूज संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.