राहुल गांधी का पटना दौरा रद्द, बांकीपुर उपचुनाव की आचार संहिता के चलते टला छात्र सम्मेलन

पटना: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का प्रस्तावित पटना दौरा फिलहाल रद्द कर दिया गया है। 15 जुलाई को आयोजित होने वाला छात्र सम्मेलन भी स्थगित कर दिया गया है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने इसकी आधिकारिक वजह बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के कारण लागू आदर्श आचार संहिता को बताया है। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव की प्रक्रिया जारी है और आचार संहिता लागू होने के कारण किसी बड़े राजनीतिक कार्यक्रम के आयोजन से चुनावी नियमों के उल्लंघन की आशंका थी। इसी को देखते हुए राहुल गांधी का दौरा और छात्र सम्मेलन स्थगित करने का निर्णय लिया गया। जानकारी के मुताबिक, छात्र सम्मेलन पहले 11 जुलाई को प्रस्तावित था, जिसे बाद में बढ़ाकर 15 जुलाई कर दिया गया था। अब इसे पूरी तरह स्थगित कर दिया गया है। फिलहाल सम्मेलन की नई तारीख की घोषणा नहीं की गई है। सूत्रों के अनुसार, कार्यक्रम की तैयारियां भी तय समय पर पूरी नहीं हो सकीं। कांग्रेस संगठन को करीब 10 हजार छात्रों का डेटा तैयार करने का लक्ष्य दिया गया था। इसमें नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों से प्रभावित छात्रों की जानकारी जुटाई जानी थी। हालांकि, पार्टी की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और आचार संहिता को ही कार्यक्रम स्थगित करने का मुख्य कारण बताया गया है। अब सभी की नजर कांग्रेस के अगले फैसले पर है कि बांकीपुर उपचुनाव की प्रक्रिया समाप्त होने के बाद राहुल गांधी का छात्र सम्मेलन पटना में नई तारीख के साथ आयोजित किया जाएगा या नहीं। — मिथिला हिन्दी न्यूज संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.