TRE-4 भर्ती को लेकर बड़ा अपडेट: 25 जुलाई तक BPSC को जाएगी अधियाचना, अगस्त में जारी हो सकता है नोटिफिकेशन

पटना: बिहार में चौथे चरण की शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया (TRE-4) को लेकर शिक्षा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि 25 जुलाई तक हर हाल में भर्ती की अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेज दी जाए। इसके बाद अगस्त के पहले सप्ताह में TRE-4 का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी होने की संभावना है। TRE-4 के तहत राज्य में 46,882 शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इनमें प्राथमिक विद्यालयों में 10,778, मध्य विद्यालयों में 8,583, माध्यमिक विद्यालयों में 9,082 और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में 16,774 पद शामिल हैं। पहले सितंबर में परीक्षा कराने की संभावना थी, लेकिन विभागीय देरी के कारण प्रक्रिया आगे बढ़ गई। राजस्थान दौरे से लौटने के बाद शिक्षा मंत्री ने विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि भर्ती प्रक्रिया में किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आम जनता से प्राप्त आवेदनों का अधिकतम 30 कार्यदिवस में निपटारा करने का भी निर्देश दिया। बैठक में राज्य के मॉडल स्कूलों, नई स्थानांतरण नीति और बिहार की नई कोचिंग नीति पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को राजस्थान के कोटा और सीकर के कोचिंग मॉडल का अध्ययन कर बिहार के लिए समग्र कोचिंग नीति तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी जिला और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को हर महीने एक दिन किसी गांव में रहकर अभिभावकों से संवाद करने का निर्देश भी दिया गया। — मिथिला हिन्दी न्यूज संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.