भागलपुर: श्रावणी मेला-2026 और कांवड़ यात्रा को लेकर भागलपुर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिले की जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय (आईएएस, 2016 बैच) ने सभी संबंधित अधिकारियों को मेला की तैयारियां समय पर पूरी करने और श्रद्धालुओं को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिए हैं।
डीएम ने स्पष्ट कहा है कि श्रावणी मेला के दौरान भीड़ प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, नियंत्रण कक्ष तथा सूचना एवं सहायता केंद्रों का प्रभावी संचालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाए। पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
डीएम अलंकृता पांडेय ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं। उन्होंने स्वयं विभिन्न व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग की है और वरिष्ठ अधिकारियों को नियमित निरीक्षण एवं सत्यापन के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि श्रावणी मेला-2026 के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित वातावरण मिले तथा उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।