वैशाली में बड़ी कार्रवाई: हथियार और कारतूस के साथ तीन बदमाश गिरफ्तार, बड़ी वारदात की साजिश नाकाम


वैशाली: जिले के सहदेई बुजुर्ग थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हथियार और जिंदा कारतूस के साथ तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि तीनों किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन समय रहते उन्हें दबोच लिया गया।

बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता में एसडीपीओ प्रवीण कुमार ने बताया कि मंगलवार की रात सहदेई बुजुर्ग थाना पुलिस गश्ती और वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान चैनपुर बघेल गांव स्थित एक मुर्गा फार्म के समीप दो संदिग्ध युवकों को रोककर उनकी तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान समस्तीपुर जिले के हलई थाना क्षेत्र निवासी महेश मांझी के पुत्र मुन्ना मांझी तथा सहदेई थाना क्षेत्र के रामपुर बघेल निवासी रामजन्म मांझी के पुत्र धर्मवीर मांझी के पास से एक देसी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ और आगे की कार्रवाई के दौरान एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि तीनों किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड तथा उनके अन्य साथियों की भी तलाश की जा रही है।

पुलिस ने बरामद हथियार और कारतूस को जब्त कर लिया है तथा गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.