👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
बिहार में फिर सक्रिय होगा मानसून, 26 से 28 जुलाई तक कई जिलों में येलो अलर्ट, तेज बारिश और वज्रपात की चेतावनी
0
July 25, 2026
पटना। बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 26 से 28 जुलाई तक राज्य के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई इलाकों में बारिश, मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है। 28 जुलाई को कुछ जिलों में भारी बारिश होने का भी पूर्वानुमान है।
26 जुलाई को पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल जिलों में बारिश के साथ तेज हवा और वज्रपात की आशंका है। वहीं सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में भी मौसम खराब रहने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
27 जुलाई को मानसून का प्रभाव उत्तर और मध्य बिहार में और बढ़ने की संभावना है। इस दिन पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, वैशाली, मधुबनी और दरभंगा में बारिश, मेघगर्जन और तेज हवा को लेकर चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद तथा अरवल में भी खराब मौसम की आशंका जताई गई है।
28 जुलाई को सबसे अधिक जिलों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, जहानाबाद और अरवल के साथ-साथ सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, मुंगेर, जमुई, लखीसराय और शेखपुरा में भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने मुजफ्फरपुर और वैशाली समेत कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना भी जताई है।
हालांकि 28 जुलाई को पटना, नालंदा, दरभंगा, समस्तीपुर, बेगूसराय, सीतामढ़ी और मधुबनी को फिलहाल ग्रीन जोन में रखा गया है, लेकिन मौसम विभाग ने लोगों को लगातार मौसम के ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है, क्योंकि परिस्थितियों में बदलाव संभव है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। बारिश के दौरान मेघगर्जन और वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम में खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें तथा सुरक्षित स्थानों पर रहें।
रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
मिथिला हिन्दी न्यूज़
