सीतामढ़ी में प्रदर्शन हिंसक: एसपी अमित रंजन समेत कई पुलिसकर्मी घायल, समाहरणालय परिसर बना रणक्षेत्र

सीतामढ़ी। परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर शनिवार को छात्रों के प्रदर्शन ने सीतामढ़ी में हिंसक रूप ले लिया। जिला मुख्यालय डुमरा स्थित समाहरणालय और उसके आसपास के इलाकों में प्रदर्शन के दौरान उपद्रवियों ने पुलिस पर जमकर पथराव किया। इस घटना में सीतामढ़ी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमित रंजन समेत कई महिला और पुरुष पुलिसकर्मी घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रदर्शनकारी समाहरणालय परिसर की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव बढ़ गया और हालात बेकाबू हो गए। इसके बाद उपद्रवियों ने पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया। हिंसा के दौरान कई स्थानों पर तोड़फोड़ की गई और कुछ वाहनों में आग लगा दी गई, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। उपद्रव को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और जिला प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने बड़ी संख्या में आंसू गैस के गोले छोड़े। इसके बाद स्थिति धीरे-धीरे नियंत्रण में आई और प्रदर्शनकारी पीछे हटने लगे। हिंसा के बाद समाहरणालय परिसर और आसपास के पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। घायल एसपी अमित रंजन सहित अन्य पुलिसकर्मियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। प्रशासन ने कहा है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। हिंसा, पथराव, आगजनी और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों की पहचान सीसीटीवी फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर की जा रही है। दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू मिथिला हिन्दी न्यूज़
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.