समस्तीपुर में दर्दनाक हादसा: तालाब में डूबने से छठी के छात्र की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

समस्तीपुर। जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव स्थित एक विद्यालय के समीप शनिवार दोपहर तालाब में डूबने से छठी कक्षा के एक छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने छात्र का शव सरायरंजन बाजार चौराहा पर रखकर सड़क जाम कर दिया। ग्रामीणों ने विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की उच्च स्तरीय जांच और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। मृत छात्र की पहचान सरायरंजन नगर पंचायत के द्वारिकापुर वार्ड संख्या-4 निवासी विमल राय के 10 वर्षीय पुत्र पिंटू कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि पिंटू शनिवार को पढ़ाई के लिए विद्यालय गया था। विद्यालय के पास स्थित तालाब पर वह पैर धोने गया, जहां अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गया। स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना से गुस्साए ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और बाद में छात्र का शव सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि विद्यालय परिसर चारदीवारी से घिरा होने के बावजूद छात्र स्कूल से बाहर कैसे निकल गया। उन्होंने विद्यालय प्रशासन की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर दोषी शिक्षकों और संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर सरायरंजन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक प्रशासन और ग्रामीणों के बीच वार्ता चली। सरायरंजन थानाध्यक्ष धनंजय कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है। रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू मिथिला हिन्दी न्यूज़
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.