👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष हरिभूषण ठाकुर बचौल को जान से मारने की धमकी, पटना में FIR की मांग
0
July 25, 2026
पटना: भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बिस्फी के पूर्व विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल को फोन पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। घटना के बाद उन्होंने पटना के पाटलिपुत्र थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने और पूरे मामले की जांच की मांग की है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त होने के बाद कॉल डिटेल और संबंधित मोबाइल नंबरों की जांच शुरू कर दी है।
हरिभूषण ठाकुर बचौल ने अपने आवेदन में बताया कि 25 जुलाई की रात वह पटना के सिद्धेश्वर नगर स्थित ग्रीन हेरिटेज अपार्टमेंट के सी-ब्लॉक, फ्लैट संख्या-206 स्थित अपने आवास पर थे। रात करीब 8:46 बजे उनके एक मोबाइल नंबर पर कॉल आया। इसके कुछ ही समय बाद उनके दूसरे मोबाइल नंबर पर भी उसी व्यक्ति ने फोन किया।
पूर्व विधायक के अनुसार, कॉल रिसीव करते ही दूसरी ओर से मौजूद व्यक्ति ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉल करने वाला लगातार आपत्तिजनक बातें करता रहा और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी देता रहा।
बचौल ने अपने आवेदन में यह भी बताया कि धमकी देने वाले नंबर से कई बार मिस्ड कॉल भी किए गए। जब उन्होंने संबंधित नंबर को ट्रूकॉलर ऐप पर जांचा तो कॉल करने वाले का नाम 'मो. इमानुल' प्रदर्शित हो रहा था। इसके बाद उन्होंने पुलिस से तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की पहचान करने और उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि कॉल करने वाले की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि हरिभूषण ठाकुर बचौल मधुबनी जिले की बिस्फी विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक रह चुके हैं। वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इसके बावजूद भाजपा नेतृत्व ने हाल ही में उन्हें प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। अपने बेबाक बयानों और आक्रामक राजनीतिक शैली के कारण वह अक्सर राजनीतिक चर्चा में बने रहते हैं। ऐसे में उन्हें मिली जान से मारने की धमकी का मामला राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है।
— मिथिला हिन्दी न्यूज़
रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
