👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
राजद के 30वें स्थापना दिवस पर लालू यादव का कार्यकर्ताओं को संदेश, बोले– सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा के लिए रहें एकजुट
0
July 05, 2026
पटना: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने अपना 30वां स्थापना दिवस पूरे बिहार में उत्साह और जोश के साथ मनाया। इस अवसर पर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने बिहार की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं के नाम एक भावनात्मक एवं राजनीतिक संदेश जारी करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने, सामाजिक न्याय की लड़ाई तेज करने तथा संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया।
अपने संदेश में लालू यादव ने कहा कि 5 जुलाई केवल स्थापना दिवस नहीं, बल्कि बिहार और देश की राजनीति की दिशा और दशा बदलने वाला ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने बताया कि 5 जुलाई 1997 को गरीबों, शोषितों, पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के अधिकारों की लड़ाई के उद्देश्य से राष्ट्रीय जनता दल की स्थापना की गई थी।
राजद का स्थापना दिवस राज्य के सभी 38 जिला मुख्यालयों के अलावा पटना स्थित पार्टी कार्यालय के कर्पूरी सभागार में समारोहपूर्वक मनाया गया। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठन की विचारधारा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
फेसबुक पर जारी अपने संदेश में लालू यादव ने कहा कि राजद सामाजिक न्याय, समानता, रोजगार और समावेशी विकास की राजनीति के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत बनाने तथा जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने की अपील की।
राजद सुप्रीमो ने पार्टी के 30 वर्षों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करते हुए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को बधाई एवं धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई गरीबों, किसानों, वंचितों और समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों की है, जिसे पूरी मजबूती से आगे बढ़ाना होगा।
अपने संदेश में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
लालू यादव ने कार्यकर्ताओं से छोटी-मोटी मतभेदों को भुलाकर संगठन की विचारधारा को मजबूत करने और जनता के बीच रहकर सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल सिर्फ चुनाव लड़ने वाली पार्टी नहीं, बल्कि गरीबों, वंचितों और जरूरतमंदों के सपनों को साकार करने का आंदोलन है।
राजनीति, बिहार और देश-दुनिया की ताजा एवं विश्वसनीय खबरों के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज।
