भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में बिहार पुलिस का बड़ा एक्शन, 12 सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स पर FIR दर्ज

पटना: भरत तिवारी एनकाउंटर के बाद सोशल मीडिया पर कथित भ्रामक और भड़काऊ सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ बिहार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। कानून-व्यवस्था प्रभावित करने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के आरोप में अब तक 12 सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स के खिलाफ पटना साइबर थाना में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए जानबूझकर अफवाहें और भ्रामक दावे प्रसारित किए जा रहे थे, जिससे आम लोगों के बीच भ्रम और तनाव की स्थिति पैदा हो रही थी। ऐसे मामलों की लगातार निगरानी की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, एक सोशल मीडिया क्रिएटर ने कथित तौर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी और हथियार के साथ अपनी तस्वीर भी साझा की थी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तकनीकी जांच और छापेमारी शुरू कर दी है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक उसकी लोकेशन का पता नहीं चल सका था। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई किसी की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के खिलाफ नहीं है, बल्कि उन लोगों के विरुद्ध है जो भ्रामक, भड़काऊ और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाला कंटेंट प्रसारित कर रहे हैं। ऐसे सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इधर, भोजपुर पुलिस भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे भ्रामक दावों का तत्काल खंडन कर रही है। हाल ही में एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें भरत तिवारी एनकाउंटर के बाद पुलिस टीम पर हमले का दावा किया गया था। पुलिस ने इस दावे को पूरी तरह गलत और निराधार बताते हुए आधिकारिक रूप से खारिज कर दिया। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट या भ्रामक जानकारी को सोशल मीडिया पर साझा न करें और केवल अधिकृत एवं विश्वसनीय स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर ही भरोसा करें। बिहार पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि डिजिटल माध्यमों से अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त और त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी। बिहार की ताजा और विश्वसनीय खबरों के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज।
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.