दरभंगा एयरपोर्ट के नए सिविल एन्क्लेव की राह आसान, एप्रोच रोड के लिए 4.46 एकड़ भूमि अधिग्रहण शुरू

दरभंगा एयरपोर्ट के नए सिविल एन्क्लेव तक पहुंचने के लिए बनने वाली एप्रोच रोड का रास्ता अब साफ होता नजर आ रहा है। जिला प्रशासन ने सड़क निर्माण के लिए 4.4607 एकड़ भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रस्तावित सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-27) को नए सिविल एन्क्लेव से जोड़ेगी, जिससे यात्रियों को एयरपोर्ट तक सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी और एयरपोर्ट विस्तार परियोजना को भी गति मिलेगी। भूमि अधिग्रहण से पहले राज्य सामाजिक प्रभाव मूल्यांकन (SIA) इकाई द्वारा विस्तृत अध्ययन कराया गया। रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि यह परियोजना पूरी तरह सार्वजनिक हित में है और इससे मिलने वाले लाभ भूमि अधिग्रहण से होने वाले प्रभावों की तुलना में अधिक हैं। साथ ही प्रभावित परिवारों के पुनर्वासन एवं पुनर्स्थापन के लिए कानून के तहत उचित व्यवस्था करने की बात भी कही गई है। जिला प्रशासन की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि जिन भू-स्वामियों की भूमि इस परियोजना में अधिग्रहित की जाएगी, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी आपत्तियां और सुझाव दर्ज करा सकते हैं। इसके बाद मुआवजे का निर्धारण करते हुए भूमि अधिग्रहण की आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अधिसूचना के अनुसार, करीब 4.46 एकड़ भूमि का अधिग्रहण भू-अर्जन, पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकर एवं पारदर्शिता अधिकार अधिनियम, 2013 की धारा 11(1) के तहत किया जाएगा। इस एप्रोच रोड के निर्माण से दरभंगा एयरपोर्ट के नए सिविल एन्क्लेव तक सीधी और बेहतर सड़क संपर्क सुविधा उपलब्ध होगी। इससे यात्रियों की आवाजाही आसान होगी, क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी और मिथिलांचल के विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। दरभंगा, बिहार और देश-दुनिया की ताज़ा खबरों के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज।
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.