पटना के फतुहा में युवक की गोली मारकर हत्या, शराब पार्टी के बाद विवाद की आशंका

बिहार की राजधानी पटना के फतुहा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक युवक की बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी। घटना फतुहा थाना क्षेत्र के नया टोला स्थित इंडस्ट्रियल एरिया मोड़ के पास देर रात करीब 1 बजे की है। गोली लगने के बाद युवक सड़क किनारे लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने गोली की आवाज सुनकर उसे तत्काल फतुहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया। परिजन उसे पारस अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान फतुहा नगर परिषद के दरियापुर नया टोला निवासी श्रवण पासवान के पुत्र नवीन कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नवीन पढ़ाई करता था, जबकि उसके पिता रेलवे यार्ड में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, नवीन देर रात अपने कुछ दोस्तों के साथ पार्टी में गया था, जहां उसने शराब का सेवन भी किया था। इसी दौरान दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के बाद अपराधियों ने नवीन को गोली मार दी। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों का कहना है कि नवीन का कोई आपराधिक इतिहास नहीं था। ऐसे में उसकी हत्या से परिवार पूरी तरह सदमे में है। हालांकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस शराब पार्टी में हुए विवाद के साथ-साथ अन्य सभी पहलुओं की भी जांच कर रही है। सूचना मिलते ही फतुहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। फतुहा एसडीपीओ-1 अवधेश कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वारदात में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बिहार, पटना और देश-दुनिया की ताज़ा खबरों के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज।
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.