👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
पटना में सेंट माइकल स्कूल के छात्र का दिनदहाड़े अपहरण, पुलिस ने घंटेभर में सकुशल किया बरामद
0
July 02, 2026
बिहार की राजधानी पटना से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। दीघा थाना क्षेत्र स्थित सेंट माइकल स्कूल के 10वीं के एक 16 वर्षीय पासआउट छात्र का गुरुवार दोपहर कथित तौर पर स्कॉर्पियो सवार 15 से 20 युवकों ने दिनदहाड़े अपहरण कर लिया। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से छात्र को अटल पथ इलाके से सुरक्षित बरामद कर लिया गया। घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
जानकारी के अनुसार छात्र अपने ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) और अन्य दस्तावेज लेने स्कूल पहुंचा था। इसी दौरान स्कूल के मुख्य गेट के पास पहले से मौजूद युवकों ने उसे जबरन स्कॉर्पियो में बैठाकर अगवा कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और पूरे इलाके की घेराबंदी कर छात्र की तलाश शुरू कर दी गई।
पीड़ित छात्र ने पुलिस को बताया कि अपहरण के बाद उसे गंगा घाट के पास एक सुनसान स्थान पर ले जाया गया, जहां करीब एक घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और जबरन माफी मांगने का दबाव बनाया गया। बाद में आरोपी उसे अटल पथ पर छोड़कर फरार हो गए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात के पीछे स्कूल के छात्रों के दो गुटों के बीच चल रही पुरानी रंजिश है। करीब एक महीने पहले स्कूल परिसर में दोनों गुटों के बीच मारपीट हुई थी, जिसके बाद स्कूल प्रशासन ने दोनों पक्षों के प्रमुख छात्रों को एक-एक महीने के लिए निलंबित कर दिया था। आशंका है कि उसी विवाद का बदला लेने के लिए इस घटना को अंजाम दिया गया।
पीड़ित छात्र का दावा है कि वारदात में शामिल अधिकांश युवक सेंट माइकल स्कूल के ही छात्र हैं। पुलिस इस पहलू की भी गंभीरता से जांच कर रही है।
पटना के प्रभारी एसडीपीओ (लॉ एंड ऑर्डर-2) ने बताया कि छात्र को सकुशल बरामद कर लिया गया है और वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो जब्त कर ली गई है। स्कूल प्रशासन से भी पूछताछ की जाएगी। फिलहाल आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पटना, बिहार और देश-दुनिया की ताज़ा खबरों के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज।
