बिहार में मानसून का कहर: पूरे राज्य में येलो अलर्ट, 4 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जैसा खतरा

पटना: बिहार में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने मंगलवार को पूरे राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। राजधानी पटना समेत अधिकांश जिलों में दिनभर काले बादल छाए रहे और कई स्थानों पर तेज हवा, गरज-चमक के साथ बारिश हुई। बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को खराब मौसम के दौरान घरों में रहने की सलाह दी गई है। बारिश के कारण तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार किशनगंज, कटिहार, भागलपुर और बांका जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। इन इलाकों में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। पिछले 24 घंटे के दौरान पटना, बक्सर, सासाराम, औरंगाबाद, नालंदा, बांका और जमुई समेत कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 8 जुलाई को पूरे बिहार में येलो अलर्ट रहेगा। 9 जुलाई को शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर, सहरसा, मधेपुरा, कटिहार और पूर्णिया में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 10 जुलाई को पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली और समस्तीपुर में भी ऑरेंज अलर्ट रहेगा। 11 और 12 जुलाई को पूरे राज्य में येलो अलर्ट के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, सक्रिय मॉनसूनी ट्रफ लाइन और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण बिहार में मानसून मजबूत हुआ है। इसके प्रभाव से पूरे जुलाई महीने रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मिथिला हिन्दी न्यूज रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.