👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
बिहार में बेखौफ अपराधी! दरभंगा में युवक को गोली, सीवान में 4 पर चाकू से हमला, मुजफ्फरपुर में कारोबारी पर फायरिंग
0
July 09, 2026
पटना: बिहार में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। मुजफ्फरपुर में हार्डवेयर कारोबारी को गोली मारने की घटना के बाद अब दरभंगा और सीवान से भी दिल दहला देने वाली वारदातें सामने आई हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
दरभंगा जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र स्थित निमैठी चौक पर गुरुवार देर रात अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी। घायल युवक की पहचान संजीव कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि वह बाइक से जा रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
वहीं सीवान जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के छपिया गांव में एक युवक ने चार लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। घायलों में एक युवती भी शामिल है। सभी घायलों को इलाज के लिए सीवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।
इन दोनों घटनाओं से पहले मुजफ्फरपुर के पानापुर करियात थाना क्षेत्र के शेरुकाही गांव में बदमाशों ने हार्डवेयर दुकानदार सुभाष ठाकुर (49) को दुकान में घुसकर गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल कारोबारी का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
लगातार सामने आ रही इन आपराधिक घटनाओं से आम लोगों और व्यापारियों में भय का माहौल है। पुलिस ने तीनों मामलों में जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
— मिथिला हिंदी न्यूज़
संपादक: रोहित कुमार सोनू
