👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
शेरपुर-दीघवारा 6 लेन पुल का निर्माण तेज, पटना का सफर होगा आसान, जाम से मिलेगी बड़ी राहत
0
July 09, 2026
पटना: बिहार में सड़क संपर्क को मजबूत बनाने और यातायात को सुगम बनाने के लिए शेरपुर-दीघवारा परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है। पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र ने गुरुवार को परियोजना स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि परियोजना का काम तय समय-सीमा के अनुसार आगे बढ़ रहा है और इसे निर्धारित अवधि में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
करीब 14.52 किलोमीटर लंबी इस परियोजना के तहत गंगा नदी पर लगभग 9.678 किलोमीटर लंबा छह-लेन पुल बनाया जा रहा है। यह पुल पटना रिंग रोड का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा। परियोजना में रेलवे ओवरब्रिज, अंडरपास, सर्विस रोड और आधुनिक रैंप जैसी सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं। इसके पूरा होने के बाद शेरपुर और दीघवारा के बीच की दूरी करीब 30 किलोमीटर कम हो जाएगी, जिससे यात्रा का समय और ईंधन दोनों की बचत होगी।
इस परियोजना का सबसे बड़ा लाभ राजधानी पटना को मिलेगा। छपरा, सिवान, गोपालगंज और हाजीपुर की ओर आने-जाने वाले वाहन बिना शहर में प्रवेश किए सीधे रिंग रोड का उपयोग कर सकेंगे। इससे पटना में ट्रैफिक का दबाव कम होगा और लोगों को लंबे जाम से राहत मिलेगी। भारी वाहनों के लिए भी यह एक बेहतर वैकल्पिक मार्ग साबित होगा।
समीक्षा बैठक के दौरान बिहार राज्य पुल निर्माण निगम की अन्य प्रमुख परियोजनाओं की भी प्रगति पर चर्चा की गई। इनमें सासाराम बाइपास, महानंदा नदी पर हाई-लेवल ब्रिज, कोसी नदी पुल, छपरा डबल डेकर फ्लाईओवर, पटना का करबिगहिया फ्लाईओवर, अगुवानी-सुल्तानगंज गंगा पुल और मुंगेर बाइपास परियोजना शामिल हैं।
— मिथिला हिंदी न्यूज़
संपादक: रोहित कुमार सोनू
