👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी: अब सिर्फ 5 सेकेंड में बुक होगा ट्रेन टिकट
0
July 13, 2026
ट्रेन का रिजर्वेशन कराने के दौरान लंबी लाइन, सर्वर डाउन या टिकट बुकिंग फेल होने जैसी परेशानियों से जल्द राहत मिलने वाली है। पूर्व मध्य रेलवे ने अपने यात्री आरक्षण केंद्रों (PRS) को आधुनिक यूनिफाइड टिकटिंग नेटवर्क (UTN) से जोड़ने का फैसला किया है। इस नई तकनीक के लागू होने के बाद टिकट बुकिंग, टिकट रद्द करने और चार्ट तैयार करने जैसी सेवाएं पहले की तुलना में कई गुना तेज हो जाएंगी। रेलवे का दावा है कि नई व्यवस्था में टिकट महज 5 सेकेंड में बुक किया जा सकेगा।
इस परियोजना के तहत मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, हाजीपुर, सीतामढ़ी, मोतिहारी समेत समस्तीपुर और सोनपुर रेल मंडल के सभी रेलवे स्टेशनों के पीआरएस सिस्टम को अपग्रेड किया जाएगा। इस पर कुल करीब 9.51 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें समस्तीपुर मंडल के लिए 5 करोड़ रुपये और सोनपुर मंडल के लिए 4.51 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। रेलवे बोर्ड ने इसके लिए राशि जारी कर दी है और जल्द ही कार्य एजेंसी का चयन कर काम शुरू किया जाएगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह परियोजना लगभग चार महीने में पूरी होने की संभावना है। नई यूनिफाइड टिकटिंग नेटवर्क तकनीक के तहत सभी पीआरएस काउंटर रेलवे के केंद्रीकृत क्लाउड सर्वर से जुड़ जाएंगे। अभी अलग-अलग जोन और मंडलों के अलग-अलग सर्वर होने के कारण डेटा के आदान-प्रदान में समय लगता है, जिससे पीक आवर्स में सिस्टम धीमा पड़ जाता है और टिकट बुकिंग में दिक्कतें आती हैं।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद टिकट बुकिंग की प्रक्रिया करीब 10 गुना तेज हो जाएगी। इससे यात्रियों को तेज, पारदर्शी और अधिक भरोसेमंद सेवा मिलेगी। पूर्व मध्य रेलवे इस अपग्रेडेशन को चरणबद्ध तरीके से लागू करेगा, जिससे लाखों रेल यात्रियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
