समस्तीपुर में घर में सो रहे युवक की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत

समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक युवक की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना बैकुंठपुर ब्रहंडा पंचायत के वार्ड संख्या-7 स्थित पचपैका गांव की है। वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर उजियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान गांव निवासी शंकर महतो के 38 वर्षीय पुत्र राजू कुमार के रूप में हुई है। राजू कुमार खेती-बाड़ी कर अपना जीवनयापन करते थे। ग्रामीण उन्हें 'महात्मा' के नाम से भी जानते थे। उन्होंने विवाह नहीं किया था। जानकारी के अनुसार, रविवार रात राजू कुमार अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान रात करीब तीन बजे अज्ञात बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो राजू कुमार गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े मिले। घटना की सूचना तत्काल उजियारपुर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अपराधियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.