👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
बिहार के 551 सरकारी स्कूल बनेंगे 'सरस्वती विद्या निकेतन', मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे एक साथ उद्घाटन
0
July 18, 2026
पटना/मुजफ्फरपुर: बिहार के सरकारी विद्यालयों के लिए रविवार का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। राज्य के 551 चयनित सरकारी विद्यालयों को अब 'सरस्वती विद्या निकेतन' (मॉडल स्कूल) के रूप में नई पहचान मिलेगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बेगूसराय से इन सभी मॉडल स्कूलों का एकीकृत उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण राज्य के सभी चयनित विद्यालयों में किया जाएगा। मुजफ्फरपुर का 182 वर्ष पुराना जिला स्कूल भी अब 'सरस्वती विद्या निकेतन' के रूप में विकसित किया जाएगा।
उद्घाटन समारोह को सफल बनाने के लिए जिला शिक्षा विभाग ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने विभिन्न प्रखंडों की निगरानी के लिए छह अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है। सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे संबंधित विद्यालयों में आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी कराएं तथा स्थानीय प्रशासन और प्रधानाध्यापकों के साथ समन्वय बनाकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।
मॉडल स्कूल बनने के बाद विद्यार्थियों को स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल शिक्षण संसाधन, आधुनिक पुस्तकालय, अत्याधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं और प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रारंभिक तैयारी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। शिक्षा विभाग चरणबद्ध तरीके से इन विद्यालयों को आधुनिक तकनीक और बेहतर आधारभूत संरचना से लैस करेगा, ताकि सरकारी स्कूलों में भी निजी विद्यालयों जैसी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सके।
शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के उद्देश्य से इन विद्यालयों के शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है। नई व्यवस्था के तहत डिजिटल शिक्षण, प्रयोगशाला आधारित पढ़ाई और गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धति को बढ़ावा दिया जाएगा। विभाग का मानना है कि इससे विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता बेहतर होगी और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के छात्रों के बीच शैक्षणिक अंतर भी कम होगा।
शिक्षा विभाग ने सभी 'सरस्वती विद्या निकेतन' मॉडल स्कूलों की एक समान पहचान सुनिश्चित करने के लिए भवनों को विशेष रंग-रूप दिया है। पूरे राज्य में इन विद्यालयों की बाहरी पहचान एक जैसी होगी, जिससे इन्हें अलग और आधुनिक मॉडल स्कूल के रूप में आसानी से पहचाना जा सके।
मुजफ्फरपुर का ऐतिहासिक जिला स्कूल, जिसकी स्थापना लगभग 182 वर्ष पहले हुई थी, अब आधुनिक सुविधाओं से लैस एक मॉडल संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में जिले के प्रभारी मंत्री, जिलाधिकारी, जनप्रतिनिधि और शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे।
— मिथिला हिंदी न्यूज़
रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
